रायगढ़: घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक में पिछले माह हुई दो किराना दुकानों में सिलसिलेवार चोरी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गहन जांच और तकनीकी निगरानी के दम पर आरोपी को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार कर 6,30,286 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।
बारिश का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के मुताबिक, 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान को निशाना बनाया गया। अज्ञात चोर ने छत पर लगी टीन शीट और दीवार के बीच की फॉल सीलिंग तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। वहां से करीब 4 लाख रुपये नकद, चांदी के सिक्के और चांदी का बिस्किट चुरा लिया।
इसी रात आरोपी ने बगल की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी सेंध लगाई। यहां भी फॉल सीलिंग तोड़कर घुसे चोर ने गल्ले से लगभग 90 हजार रुपये नकद और अन्य किराना सामान चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 265/2026 और 266/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

100 से अधिक CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
जयस्तंभ चौक पर हुई इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव साहू और साइबर टीम ने घटनास्थल व आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिख रहे संदिग्ध के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी संतोष चौहान के रूप में हुई। पुलिस टीम जब आरोपी के घर पहुंची, तो वह फरार मिला।
पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान पता चला कि आरोपी ने चोरी के पैसों से लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से एक नया मोबाइल खरीदा था। आरोपी की लोकेशन पहले नागपुर में ट्रेस हुई, जिसके बाद रायगढ़ पुलिस की टीम वहां रवाना हुई। पुलिस के लगातार पीछा करने के डर से आरोपी नागपुर से भी फरार होने की फिराक में था। आखिरकार, पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उसे राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से घेरकर पकड़ लिया।
चोरी स्वीकार, 6.30 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद
पूछताछ में आरोपी संतोष चौहान ने 23-24 अगस्त 2026 की रात जयस्तंभ चौक घरघोड़ा स्थित दोनों किराना दुकानों में चोरी की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह अक्सर इन दुकानों से सामान खरीदता था। वारदात वाली रात तेज बारिश का फायदा उठाकर उसने चोरी की योजना बनाई। चेहरे पर गमछा बांधकर, उसने पहले संतोष किराना दुकान की छत पर चढ़कर टीन शीट के किनारे से फॉल सीलिंग तोड़ी और अंदर दाखिल हुआ। वहां से नकदी, चांदी के सिक्के और बिस्किट चुराए। इसके बाद उसने बगल की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी इसी तरह से घुसकर नकदी, चिल्हर सिक्के, हल्दी, मसाला, साबुन, काजू और बादाम सहित अन्य सामान चुराया।
आरोपी ने चोरी की रकम से लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से 19,300 रुपये का सैमसंग ए-07 मॉडल मोबाइल खरीदा और करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने व खाने-पीने में खर्च किए।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने दोनों प्रकरणों में 2,64,146 रुपये नकद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी (अनुमानित कीमत 3,46,840 रुपये), सैमसंग कंपनी का एंड्रॉएड मोबाइल और सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 6,30,286 रुपये है।
आरोपी सतीष चौहान, पिता स्व. नान्हूराम चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरपाली नवाडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को दोनों अपराधों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस गिरफ्तारी और बरामदगी में थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव साहू, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, आरक्षक हरीश पटेल, आरक्षक उधो राम पटेल, जगमोहन लाल ओग्रे, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर, नवीन शुक्ला, रविंद्र गुप्ता और स्थानीय युवक कालिया गुप्ता व जनेश्वर कुर्रे की अहम भूमिका रही।








