रायगढ़। केलो डेम के पास घूमने गए युवक और उसकी महिला मित्र के साथ मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
युवक-युवती को रोककर की थी मारपीट और लूट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जोगीडीपा रायगढ़ निवासी 22 वर्षीय सानू सारथी ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सानू ने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी वहां तीन-चार अज्ञात युवक पहुंचे।
आरोपियों ने वहां घूमने को लेकर सवाल खड़े करते हुए सानू के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 1,500 रुपये नकद और आईफोन 12 मिनी लूट लिया, जबकि उसकी महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल भी छीन लिया। आरोपी बुलेट की चाबी को वहीं फेंककर मौके से फरार हो गए थे। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम की जांच और आरोपियों की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सीएसपी राहुल उईके और कोतवाली पुलिस को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी ने सहायक उपनिरीक्षक कोसो सिंह जगत और पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित, प्रार्थी और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों के हुलिए की जानकारी जुटाई गई।
संदेह के आधार पर पुलिस ने इंदिरा नगर रायगढ़ निवासी 23 वर्षीय सोहेल अंसारी और बिहार के वैशाली जिले के चेहराकला निवासी 22 वर्षीय रणवीर कुमार (वर्तमान निवासी उर्दना डीपापारा, रायगढ़) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया।
लूटा गया सामान बरामद करने की कोशिश जारी
कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रार्थी से आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मेमोरेंडम बयान में बताया कि लूटे गए दोनों मोबाइल और नकदी उनके फरार साथी के पास हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और तीसरे फरार साथी की तलाश तेज कर दी है।









