रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार मार्ग पर मंगलवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से तहसील कार्यालय की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और शहर में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
पैदल जा रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की तरफ जा रही थीं। शाम करीब 5:20 बजे जब वे केलो विहार स्थित शिव मंदिर मार्ग पर पहुंचीं, तभी पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर गीता पटेल के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र खींच लिया और दोनों तेजी से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश, पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
वारदात के तुरंत बाद चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर सेल का स्टाफ घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिसमें संदिग्ध नजर आए हैं। संदिग्धों की तस्वीरें विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा कर उनकी शिनाख्त कराई जा रही है, साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन संदिग्धों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह थाना प्रभारी चक्रधरनगर (9479193210) या रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम (9479193299) पर तत्काल सूचना दे।









