रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत खरसिया पुलिस ने ग्राम छोटे देवगांव में कार्रवाई कर 5.025 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद किया है।
सड़क किनारे पकड़ा गया आरोपी, प्लास्टिक बोरे से मिले पांच पैकेट
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे देवगांव निवासी मोहन लाल गुप्ता अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी। पहले संदेही के घर पर तलाशी ली गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे सड़क किनारे घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन लाल गुप्ता (43 वर्ष), पिता स्वर्गीय संतुराम गुप्ता, निवासी छोटे देवगांव बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे से गांजे के पांच पैकेट मिले। तौल कराने पर प्रत्येक पैकेट में 1.005 किलोग्राम, यानी कुल 5.025 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,50,000 रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
मादक पदार्थ जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपी मोहन लाल गुप्ता के खिलाफ थाना खरसिया में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन और थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार, एएसआई उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक महेन्द्र खरे, रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह और आरक्षक हेमलाल सिदार शामिल रहे।








