रायगढ़। फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत रहते हुए 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तों के 7.58 लाख रुपये से अधिक का गबन करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कलेक्शन एजेंट ने नहीं जमा की थी 40 महिलाओं की किस्तें
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड, रायगढ़ शाखा के प्रबंधक वासुदास मानिकपुरी ने थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के कलेक्शन एजेंट विक्रम सिंह सिदार ने सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के बीच 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्त और बकाया ऋण एकमुश्त जमा कराने के नाम पर कुल 7,58,937 रुपये वसूले थे।
आरोपी ने यह रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई। जब महिलाओं ने शाखा में शिकायत दर्ज कराई, तब आरोपी ने शुरुआत में फोन पर जल्द रकम जमा करने की बात कही। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया। इस पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

हैदराबाद के बंजारा हिल्स में सेल्समैन बन कर छिपा था आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और महिला हितग्राहियों के बयान दर्ज किए। साथ ही 31 ग्राहकों के खातों से संबंधित लेजर और पासबुक की सत्यापित प्रतियां जब्त की गईं, जिनमें कुल 7,58,937 रुपये की राशि लंबित दर्शाई गई थी। पुलिस जब आरोपी विक्रम सिंह सिदार (20 वर्ष) के गृह ग्राम अमेराडीह, वार्ड क्रमांक 03, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती स्थित पते पर पहुंची, तो उसके फरार होने की पुष्टि हुई।
तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर आरोपी के हैदराबाद में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद थाना प्रभारी सिटी कोतवाली के निर्देश पर एएसआई विलफ्रेड मसीह और प्रधान आरक्षक प्रकाश तिवारी की टीम हैदराबाद रवाना की गई। पुलिस टीम ने हैदराबाद के बंजारा हिल्स क्षेत्र में पतासाजी कर आरोपी को एक कपड़े की दुकान से पकड़ा, जहां वह सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। पूछताछ में उसने गबन की गई रकम खर्च कर देना स्वीकार किया। रायगढ़ पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत आगे भी अभियान जारी रहेगा।








