रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों में 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के मद्देनजर प्रशासन ने देर शाम यह फैसला लिया।
कलेक्टर के अनुमोदन के बाद शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, चक्रवात के असर और संभावित बारिश को देखते हुए यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
शासकीय और निजी दोनों स्कूलों पर लागू होगा फैसला
आदेश के मुताबिक जिले में संचालित सभी शासकीय और अशासकीय (निजी) विद्यालय 29 अक्टूबर को पूरी तरह बंद रहेंगे। यह अवकाश प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के सभी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। क्षेत्र में चक्रवात का प्रभाव अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है।








