रायगढ़। बाकारूमा-लैलूंगा मार्ग पर राजपुर बाजार के पास 1200 एमएम एचपीसी निर्माण कार्य के कारण भारी वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान लगभग 0.605 किलोमीटर हिस्से में यातायात प्रभावित या अवरुद्ध होने की संभावना है। इसे देखते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) लैलूंगा ने लोकहित में भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन का आदेश जारी किया है।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निर्माण के दौरान आम नागरिकों को असुविधा न हो और भारी वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। कलेक्टर से अनुमति मिलने के बाद यह डायवर्जन आदेश प्रभावी किया गया है, जो 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक लागू रहेगा।
भारी वाहनों के लिए ये वैकल्पिक मार्ग किए गए तय
प्रशासन ने अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए स्पष्ट रूट निर्धारित किए हैं:
रायगढ़ से पत्थलगांव जाने वाले वाहन: रायगढ़-घरघोड़ा-लैलूंगा होकर पत्थलगांव की ओर जाने वाले भारी वाहनों को घरघोड़ा के पहले बाईपास से धरमजयगढ़ होते हुए पत्थलगांव की तरफ भेजा जाएगा।
बाकारूमा से रायगढ़ जाने वाले वाहन: बाकारूमा-लैलूंगा-घरघोड़ा होते हुए रायगढ़ की दिशा में जाने वाले भारी वाहनों के लिए बाकारूमा चौक से धरमजयगढ़ होते हुए घरघोड़ा-रायगढ़ का वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है।
कुनकुरी और कोतबा से पत्थलगांव जाने वाले वाहन: कुनकुरी या कोतबा से लैलूंगा होकर पत्थलगांव जाने वाले भारी वाहनों को सुरंगपानी, बहामा और लुडेग होते हुए पत्थलगांव भेजा जाएगा।









