रायगढ़। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, त्योहारों की सुरक्षा और विभिन्न अधिनियमों के तहत दर्ज लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, हिट एंड रन प्रकरण, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम और चिटफंड से जुड़े मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध अमल करने को कहा।

प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव घटाने और स्पीड ब्रेकर के निर्देश
सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए पूंजीपथरा से घरघोड़ा मार्ग सहित प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए कार्ययोजना बनाने पर चर्चा हुई। वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से लगने वाले जाम को रोकने के लिए सभी एसडीएम को सड़कों के किनारे सुरक्षित पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दुर्घटना संभावित टी-पॉइंट्स पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने को कहा गया है।

उद्योगों के लिए बनेगी सेफ्टी हैंडबुक, स्कूलों के पास तंबाकू बिक्री पर रोक
औद्योगिक क्षेत्रों में हादसों की रोकथाम और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के लिए इंडस्ट्रियल सेफ्टी स्टैंडर्ड हैंडबुक तैयार करने के निर्देश दिए गए। यह हैंडबुक आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कदम उठाने और सुरक्षा निरीक्षणों को बेहतर बनाने में मदद करेगी। इसके साथ ही छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के आसपास तंबाकू और गुटखा बेचने वाली दुकानों के खिलाफ जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
बैठक में अवैध उत्खनन के मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई और पीएम रिपोर्ट से जुड़े मामलों का प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में पेश करने के निर्देश भी दिए गए।

दुर्गा पंडालों और त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने आगामी नवरात्रि और त्योहारों के दौरान महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। दुर्गा पंडालों के पास अग्नि सुरक्षा, पार्किंग और आवागमन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
इस समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एडिशनल एसपी पुष्पेन्द्र सिंह बघेल सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









