रायगढ़। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 31.75 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्यान्न गबन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य विभाग की जांच में 1,204 क्विंटल से अधिक चावल, शक्कर और नमक की भारी कमी पाए जाने के बाद चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में दर्ज मामलों में गनपतपुर राशन दुकान के विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।
गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख के खाद्यान्न की कमी
ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच खाद्य विभाग द्वारा की गई थी। जांच के दौरान दुकान में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 18,86,345 रुपये आंकी गई। दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था।
खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर चौकी रैरूमाखुर्द में समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान (उम्र 49 वर्ष, निवासी पीपरमार) के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शाहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर इलाज करा रहा था। इसके बाद चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में आरोपी के गांव में देखे जाने की सूचना पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ससकोबा राशन दुकान में अंगूठा लगवाकर राशन नहीं बांटने का आरोप
इससे पहले धरमजयगढ़ तहसील के ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 में 3 सितंबर 2026 को खाद्य विभाग ने जांच की थी। वहां 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक सहित कुल करीब 12,89,375 रुपये का खाद्यान्न कम मिला था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि अगस्त महीने में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बाद भी राशन का वितरण नहीं किया गया था।
ससकोबा मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने 12 सितंबर 2026 को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।
फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी
दोनों प्रकरणों को मिलाकर कुल 1,204.58 क्विंटल चावल और बड़ी मात्रा में शक्कर व नमक का गबन सामने आया है। पुलिस के अनुसार ससकोबा राशन दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है। इसके अलावा गनपतपुर दुकान संचालित करने वाले जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी भी शेष है, जिनकी पतासाजी की जा रही है।









