रायगढ़। महिला थाना पुलिस ने 25 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ के आरोप में 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान मनीष राठिया, निवासी रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 18 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के पास स्थित जंगल की ओर दिशा मैदान के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। आरोप है कि उसने गलत नीयत से पीड़िता का हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान की और छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया।
पहले भी ग्रामीणों ने दी थी समझाइश
पीड़िता ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि आरोपी पूर्व में भी दिशा मैदान जाने वाली गांव की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकतें करता था। इस मामले में पूर्व में ग्रामीणों और बीडीसी द्वारा उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन उसके आचरण में सुधार नहीं आया।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, पूछताछ के बाद जेल दाखिला
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 77 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के क्रम में पीड़िता व गवाहों के बयान दर्ज किए गए और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
महिला थाना और थाना चक्रधरनगर की संयुक्त पेट्रोलिंग टीम ने आरोपी को उसके निवास से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी को देकर आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत तथा चक्रधरनगर पुलिस पेट्रोलिंग टीम शामिल रही।









