रायगढ़। ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने एक प्लांटकर्मी से मारपीट कर रुपये लूटने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम 1500 रुपये और हमले में इस्तेमाल किया गया ब्लेड बरामद कर लिया है।
ट्रेन की जानकारी लेने आए थे प्लांटकर्मी, रास्ते में रोककर की गई मारपीट
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के ग्राम नवारा निवासी 29 वर्षीय बबलू चौहान वर्तमान में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित मां मंगला फैक्टरी लेबर कॉलोनी नटवरपुर में रहते हैं। 17 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने गांव जाने के लिए ट्रेन की जानकारी लेने रेलवे स्टेशन आए थे।
रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद जब वह ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने सड़क पर पहुंचे, तभी तीन अज्ञात लड़कों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने अकारण विवाद करते हुए उनसे पैसों की मांग की और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक नाबालिग ने ब्लेड से हमला कर बबलू चौहान को घायल कर दिया और उनकी पैंट की जेब में रखे 1500 रुपये छीनकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, लूटी गई रकम बरामद
लूटपाट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने तीन संदेहियों को चिह्नित किया, जिनमें आपराधिक पृष्ठभूमि वाला शनि वैष्णव और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल थे।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शनि वैष्णव के कब्जे से 1000 रुपये नकद, एक विधि से संघर्षरत बालक से 500 रुपये नकद तथा दूसरे बालक से घटना में प्रयुक्त ब्लेड जब्त किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और विजय एक्का की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस पकड़े गए आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश कर रही है।









