रायगढ़। आगामी नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, शाखा प्रमुखों और प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी त्योहारी सीजन में आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी आयोजनों को लेकर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया और दशहरा उत्सव के आयोजनों की अग्रिम जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। आयोजन समितियों द्वारा पूर्व सूचना न दिए जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। पंडालों की सुरक्षा के लिए वालंटियर तैनात करने, नियमित निगरानी रखने और देर रात तक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। गरबा-डांडिया जैसे भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में निगरानी के लिए पुलिसकर्मी सादी वर्दी में तैनात रहेंगे। इसके साथ ही डायल 112 और पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9479193299 पर मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं व अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और वारंटियों की धरपकड़ पर जोर
समीक्षा बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के तहत 60 एवं 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित मामलों पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए आगामी दो माह तक विशेष अभियान चलाकर इनका प्राथमिकता से निराकरण करने का लक्ष्य तय किया। थानों में सीसीटीएनएस से जुड़े कार्यों को भी समय पर पूरा करने को कहा गया है। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और लघु अधिनियमों के तहत कार्रवाई तेज करने पर बल दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने पुलिस मुख्यालय द्वारा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। इसके लिए थाना और जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर वारंटियों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए गए। गुम इंसानों के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत अपराध दर्ज होने से प्रकरणों की संख्या बढ़ी है, जिन्हें गंभीरता से तलाशने के निर्देश दिए गए। वहीं तीन माह से अधिक पुराने मर्ग मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात प्रबंधन और थानों के स्वतंत्र संचालन के निर्देश
त्योहारों के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल को विशेष कार्ययोजना बनाने और बल तैनात करने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले मार्गों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ-साथ प्रेशर हॉर्न, तेज रफ्तार और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी चलने वालों के खिलाफ प्रतिदिन सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में स्वतंत्र रूप से थाना संचालन कर रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को निर्णय क्षमता बढ़ाने, अधीनस्थों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और सीसीटीएनएस कार्यों को समय पर पूरा करने की सीख दी गई। इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके, डीएसपी शिखर मरावी, रोहित शुक्ला, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और एफएसएल अधिकारी सहित सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।









