रायगढ़। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने ‘मां दुर्गा वाहिनी’ का गठन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश पर गठित इस विशेष पेट्रोलिंग विंग को महिला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में तैयार किया गया है। यह विंग शहरभर के प्रमुख पंडालों, गरबा आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
महिला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में संभालेंगी सुरक्षा व्यवस्था
विशेष पेट्रोलिंग के लिए रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग टीमें बनाई हैं। पहली टीम की कमान कोतरारोड थाने की उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर को दी गई है, जबकि दूसरी टीम का जिम्मा महिला थाने की सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे को सौंपा गया है। इन दोनों टीमों में महिला और पुरुष आरक्षक शामिल हैं, जो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर संवेदनशील और भीड़ वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय में दोनों टीमों को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पंडालों और गरबा स्थलों पर नियमित रूप से भ्रमण किया जाए और किसी भी प्रकार की परेशानी या छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद शाम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर टीमों को शहर में पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह तथा थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पंडालों में लगेंगे हेल्पलाइन पोस्टर, आपात स्थिति के लिए जारी हुए नंबर
त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं और महिलाओं की त्वरित मदद के लिए सभी दुर्गा पंडालों में हेल्पलाइन नंबरों वाले पोस्टर लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने ‘हेलो सिस्टर हेल्पलाइन’ नंबर 9479270533 और पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 9479193299 जारी किया है। महिलाएं किसी भी संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ या सुरक्षा संबंधी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या परेशानी दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।









