रायगढ़। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित कर राजपत्रित अधिकारियों की अगुवाई में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों, रामलीला मंचन और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर स्थानीय थानों के साथ रिजर्व पुलिस, होमगार्ड और 6वीं बटालियन के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस के अनुसार यह पूरी सुरक्षा व्यवस्था एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में तैयार की गई है। व्यवस्था के संपूर्ण प्रभारी एडिशनल एसपी अनिल सोनी हैं। उनके मार्गदर्शन में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जिसमें दो एडिशनल एसपी और छह डीएसपी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहेगा।
पांच सेक्टरों में सुरक्षा और अधिकारियों की जिम्मेदारी
शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तय किए गए पांच सेक्टरों में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है:
सेक्टर-1 (सिटी कोतवाली क्षेत्र): इस सेक्टर के प्रभारी सीएसपी राहुल उईके होंगे। उनके साथ सिटी कोतवाली, महिला थाना, यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। यह टीम सेवाकुंज, गुजरातीपारा, रामलीला मैदान, हुडको कॉलोनी, बगीचा और नटवर स्कूल मैदान सहित प्रमुख दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों की निगरानी करेगी।
सेक्टर-2 (रामलीला मैदान): रामलीला मैदान में होने वाले मंचन और अन्य कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था डीएसपी शिखर मरावी संभालेंगे। उनके साथ थाना कोतवाली की टीम आयोजन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रहेगी।
सेक्टर-3 (कोतरारोड क्षेत्र): इस सेक्टर की कमान डीएसपी उन्नति ठाकुर को सौंपी गई है। थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक शील आदित्य के नेतृत्व में पुलिस और होमगार्ड के जवान खैरपुर, किरोड़ीमलनगर और भगवानपुर क्षेत्र के पंडालों व गरबा आयोजनों में तैनात रहेंगे।
सेक्टर-4 (चक्रधरनगर क्षेत्र): इस क्षेत्र की जिम्मेदारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी और थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को दी गई है। इनके साथ 6वीं बटालियन, होमगार्ड और चक्रधरनगर थाने का बल तैनात रहेगा।
सेक्टर-5 (जूटमिल क्षेत्र): इस सेक्टर के प्रभारी डीएसपी रोहित शुक्ला बनाए गए हैं। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के साथ जूटमिल थाने और 6वीं बटालियन के जवान क्षेत्र के पंडालों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा संभालेंगे।
यातायात नियंत्रण और पुलिस की नागरिकों से अपील
पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र बघेल और डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। यातायात थाना और रिजर्व पुलिस लाइन का बल मार्गों पर मुस्तैद रहेगा ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों और दुर्गा पूजा आयोजन समितियों से पर्व को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने आयोजकों को सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन का आग्रह किया है। साथ ही नागरिकों से कहा गया है कि वे कार्यक्रम देखने जाते समय चारपहिया वाहनों के इस्तेमाल से बचें, संभव हो तो पैदल जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।









