रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने गढउमरिया में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 8 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से फड़ और आरोपियों के कब्जे से कुल 25,070 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जप्त की हैं।
मुखबिर की सूचना पर आरआर एनर्जी के सामने दबिश
रायगढ़ पुलिस द्वारा 30 सितंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम को गढउमरिया स्थित आरआर एनर्जी कंपनी के सामने जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां 52 पत्ती ताश से रुपयों की बाजी लगाकर हार-जीत का दांव खेल रहे आठ व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में फैजान खान (23 वर्ष) निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती कोतवाली, जीतराम बघेल (29 वर्ष) निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती कोतवाली, विक्की चौधरी (29 वर्ष) निवासी जूटमिल सामने गली, और बेदराम यादव (38 वर्ष) निवासी उर्दना चौक कोतवाली शामिल हैं।
इनके अतिरिक्त अमित कुमार सिदार (33 वर्ष) निवासी गोढ़ी तमनार (हाल मुकाम रेलवे बंगलापारा कोतवाली), कांशीराम अजय (24 वर्ष) निवासी कांशीराम चौक जूटमिल, संतोष कुमार भारद्वाज (39 वर्ष) निवासी गढउमरिया जूटमिल तथा शत्रुघन जाटवर (25 वर्ष) निवासी कांशीराम चौक जूटमिल को भी गिरफ्तार किया गया है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था के दृष्टिगत आरोपियों पर धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत इस्तगासा तैयार कर उन्हें रायगढ़ एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में डीएसपी शिखर मरावी के साथ साइबर एवं जूटमिल थाने के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, अनूप कुजूर सहित आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, महेश पंडा, नवीन शुक्ला, जितेन्द्र कुर्रे और वेद प्रकाश पटेल शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत अवैध गतिविधियों पर निगरानी और धरपकड़ आगे भी जारी रहेगी।









