रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने मामूली कहासुनी के बाद अपनी 41 वर्षीय पत्नी रूप कुंवर महंत पर फावड़े से जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी का रक्तचाप अचानक बढ़ गया था, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पुलिस उस पर लगातार नजर बनाए हुए थी।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर की रात की है। मृतका के बेटे सूरज दास महंत (25 वर्ष) ने 11 अक्टूबर को पुसौर थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी। सूरज दास ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात लगभग 8:30 बजे जब वह अडानी प्लांट से काम कर घर लौटा, तो उसकी मां रूप कुंवर महंत घर की परछी में अचेत हालत में पड़ी थीं। उनके कान और कलाई से खून बह रहा था तथा पास ही पिता अमृत लाल महंत बैठे हुए थे। मां को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव से हुए हेमरेजिक शॉक को मौत की वजह बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
फॉरेंसिक जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से खुला मामला
थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस ने सीन ऑफ क्राइम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। घर के भीतर फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, दीवार और कपड़ों पर खून के निशान मिले। मौके पर मिले फावड़े और लकड़ी के डंडे पर भी खून लगा पाया गया। घटना के समय घर में केवल पति और पत्नी के मौजूद होने की बात सामने आने पर पुलिस का संदेह पति अमृत लाल महंत पर गहरा गया।
इसी बीच तबीयत बिगड़ने और अत्यधिक रक्तचाप के कारण अमृत लाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान पुलिस टीम उस पर निगरानी रखे हुए थी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
खाना बनाने से मना करने और रिश्तेदार के घर जाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि घटना की रात पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया था और ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद करने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आक्रोश में आकर उसने फावड़े से पत्नी पर हमला कर दिया। पुसौर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं।
मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवादों में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा।









