रायगढ़। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कांटाहरदी निवासी एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से 47 लाख रुपये से अधिक की राशि की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़ित का परिचित और विश्वासपात्र था, जिसने करीब 6 वर्षों में इस रकम को अपने अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर ऑनलाइन गेमिंग में उड़ा दिया।
पुलिस के अनुसार, कांटाहरदी निवासी 64 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ सिदार वर्ष 2024 में शिक्षा विभाग से रिटायर हुए थे। उनके एसबीआई कोतरारोड़ स्थित बचत खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी और अवकाश समर्पण सहित सेवानिवृत्ति की अन्य देय राशियां जमा हुई थीं। गांव का ही 34 वर्षीय छत्रपाल सिदार, जो जाति-समाज का होने के नाते 2020 से उनके संपर्क में था, बैंक संबंधी कार्यों में सहयोग के बहाने उनका विश्वासपात्र बन गया था। वह चेकबुक से राशि आहरण में मदद करता था और पीड़ित का मोबाइल भी उपयोग करता था।
बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब वह मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से बैंक पहुंचे और अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच उनके खाते से कुल 47,05,000 रुपये ग्रामीण बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे।
इसके बाद पीड़ित ने कोतरारोड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 5 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
ऑनलाइन गेमिंग में खर्च की रकम, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी छत्रपाल सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने रघुनाथ सिदार के खाते से एचडीएफसी, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक में राशि ट्रांसफर करना स्वीकार किया। उसने बताया कि ट्रांसफर की गई राशि को उसने ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दिया है।
पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों की जानकारी, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। छत्रपाल सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बैंकिंग सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक, मोबाइल और बैंकिंग संबंधी संवेदनशील जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने बैंक खातों में होने वाले प्रत्येक लेन-देन की नियमित रूप से जांच करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।









