रायगढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अद्यतन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए जिले में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में दो पालियों में तथा तमनार तहसील में बीएलओ को प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान बीएलओ को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, पात्र नागरिकों की पहचान करने और सूची का भौतिक सत्यापन करने के तौर-तरीके समझाए गए। अधिकारियों ने फील्ड स्तर पर नए मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने और नियमों के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही आवेदन स्वीकार करने पर विशेष जोर दिया।
फॉर्म-6 के जरिए पंजीयन और 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं के लिए अग्रिम आवेदन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे युवा जो वर्ष 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, उनसे अग्रिम आवेदन लिए जा रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इसके लिए 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को अर्हता तिथियां (क्वालिफाइंग डेट्स) तय की गई हैं। नागरिक अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
स्कूल-कॉलेजों में अभियान और घर-घर जाकर सत्यापन
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए शासकीय एवं निजी स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के जरिए विद्यार्थियों को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कार्य कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस पूरे अभियान और पंजीयन कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे तय प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं।









