रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में प्लांट से काम कर अपने बच्चे के साथ घर लौट रही एक महिला मजदूर से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला को रोककर जबरन जंगल की ओर खींचने का प्रयास किया। महिला और उसके बच्चे द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी मारपीट कर जंगल के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रसाद लेकर बच्चे के साथ घर लौट रही थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, लाखा निवासी 32 वर्षीय महिला चिराईपानी स्थित एक प्लांट में मजदूरी का कार्य करती है। गुरुवार दोपहर वह प्लांट से विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद लेकर अपने छोटे बेटे के साथ घर लौट रही थी।
इसी दौरान सुनील इस्पात के आगे जंगल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी महिला से जंगल की तरफ चलने की बात कहते हुए उसकी साड़ी पकड़कर जबरन जंगल की ओर खींचने लगा।
विरोध पर की मारपीट, बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
मां को जबरन ले जाते देख बच्चा चिल्लाने लगा और महिला ने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और मौका पाकर जंगल के रास्ते भाग निकला।
घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने पति को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने पूंजीपथरा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (2), 351 (3) और 74 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और उसकी पतासाजी की जा रही है।









