रायगढ़, 8 दिसंबर। लैलूंगा थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पिछले वर्ष 5 अगस्त 2024 का है, जब नाबालिग बालिका बिना बताए घर से लापता हो गई थी। उसके पिता ने 9 सितंबर 2024 को थाना लैलूंगा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुमशुदगी रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 179/2024 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था और बालिका की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहृता रायगढ़ में देखी गई है। टीम मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान लिया गया, जिसमें उसने बताया कि आरोपी सनमत साय पैकरा (24 वर्ष) ने उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के बयान और जांच के बाद मामले में धारा 64, 65(1), 142 भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 व 6 जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 7 दिसंबर 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक संध्यारानी कोका तथा हमराह पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



