सक्ती। रायगढ़ से सटे शक्ति जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरेलीभाठा फाटक के पास रेल पटरी पर मोबाइल में गेम खेल रहे दो छात्र मालगाड़ी की चपेट में आ गए। इस हादसे में कक्षा 9वीं के छात्र टिकेश साहू (14) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नवीन खांडे (14) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल नवीन खांडे को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद चांपा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
ईयरफोन लगाने से नहीं सुनाई दी मालगाड़ी की आवाज
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे की है। दोनों दोस्त रेलवे पटरी पर बैठकर कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेल रहे थे। गेम में व्यस्त होने के चलते उन्हें सामने से आ रही मालगाड़ी की आवाज सुनाई नहीं दी और दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए।

प्रसाद लेने गए दो अन्य दोस्त सुरक्षित बचे
हादसे के वक्त पटरी के पास उनके दो अन्य दोस्त भी मौजूद थे। हालांकि, वे घटना से कुछ ही देर पहले पास के एक गणेश पंडाल में प्रसाद लेने चले गए थे, जिसके चलते वे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।









