सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। सारंगढ़ के ऐतिहासिक खाड़ाबांध तालाब में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान तालाब परिसर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जिसमें स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न समूहों ने हिस्सा लिया।
मुख्य कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और यह अवसर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के लिए सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में जनभागीदारी की अहम भूमिका है और ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी कृतज्ञता का प्रतीक है।
खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार दीपों का प्रवाह
मुख्य आयोजन के दौरान खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार से अधिक आटे के दीपों का जल प्रवाह किया गया। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखकर ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचाया गया है। इसके तहत 49 अमृत सरोवरों, 36 मंदिरों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए गए, जबकि चयनित 25 गांवों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्ज्वलन का लक्ष्य रखा गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भी अपने घरों में दीप जलाए। इसके अलावा सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम टिमरलगा स्थित मां नाथलदाई मंदिर परिसर में 2100 दीप, बरमकेला के भिखमपुरा सपेरा बस्ती (महादेव नगर) में पीएम आवास कॉलोनी, केडार क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा 2100 दीप और बिलाईगढ़ के ग्राम रायकोना में अमृत सरोवर के पास विशेष दीपोत्सव हुआ। नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख चौकों, कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय सहित अन्य सरकारी दफ्तरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
एक माह तक आयोजित होंगी जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां
यह सेवा संकल्प अभियान आगामी एक माह तक संचालित रहेगा, जिसमें सेवा, सुशासन, नवाचार और जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी पहलों से विद्यार्थियों, युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को जोड़ा जाएगा। अभियान के पहले दिन विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, ज्योति पटेल, सुभाष जलान, मनोज मिश्रा, भारत जटवार, पुलकित चंद्र, शमशेर सिंह, टीकाराम पटेल, रिंकू तिवारी, अमित अग्रवाल के साथ ही कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।









