रायगढ़। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के चांपा-रायगढ़ रेलखंड के वार्षिक सुरक्षा निरीक्षण दौरे के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस (SECRMC) ने रेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। रायगढ़ शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक से सीधी वार्ता कर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की कार्यस्थल से जुड़ी व्यावहारिक दिक्कतों और लंबित मांगों को रखा, जिस पर महाप्रबंधक ने समयबद्ध और ठोस निराकरण का आश्वासन दिया।
यह संगठनात्मक पहल बिलासपुर ज़ोन मजदूर कांग्रेस के ज़ोनल महामंत्री पीतांबर के दिशा-निर्देश और बिलासपुर मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में हुई। बिलासपुर ज़ोन के वर्किंग कमेटी सदस्य एवं रायगढ़ प्रभारी शेर खान तथा शाखा सचिव संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक के समक्ष कर्मचारियों का पक्ष रखा।
कोसा शॉल और डोकरा शिल्प का मॉडल भेंटकर किया स्वागत
वार्ता से पूर्व मजदूर कांग्रेस की रायगढ़ शाखा द्वारा महाप्रबंधक का स्वागत किया गया। रायगढ़ प्रभारी शेर खान ने महाप्रबंधक को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए पारंपरिक कोसा शॉल भेंट किया। इसके साथ ही रायगढ़ के ग्राम एकताल के स्थानीय शिल्पकारों द्वारा पीतल और कांस्य की ढलाई से तैयार विलक्षण डोकरा आर्ट (घड़वा शिल्प) का रेलवे इंजन मॉडल स्मृति चिह्न के रूप में प्रदान किया गया।
विभागीय समस्याओं पर वार्ता और प्रशासन का रुख
प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे के प्रत्येक विभाग के कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों, वेतन-सेवा संबंधी विसंगतियों और लंबित मांगों को बिंदुवार महाप्रबंधक के समक्ष रखा। शेर खान ने वार्ता के दौरान कहा कि कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उनके अधिकार सीधे तौर पर जुड़े हैं, इसलिए इन समस्याओं का समाधान जरूरी है।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सभी विभागीय मुद्दों को सुनने के बाद सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों की उचित मांगों और सुविधाओं के प्रति गंभीर है और ज्ञापन में उल्लेखित समस्याओं का समयबद्ध व ठोस निराकरण किया जाएगा।
इस दौरान शेर खान और संजय श्रीवास्तव के साथ मनोज कुमार, पी. के. झा, एस. धनराज राव, संजय मंडल, बी. के. मंडल, अनिल तापेश्वर, अभिषेक कुमार, संजय कुमार मण्डल, पलेश्वर साहू कुमार, सुनील सिंह, ब्रजेश सिंह, भुनेश्वर चौहान और मनीष कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।








