टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का लाइव कॉन्सर्ट कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बीच में ही रुकवा दिया। मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति के दौरान कैबिनेट मंत्री अचानक मंच पर पहुंचे और गायक के परफॉर्मेंस पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।
मंच पर पहुंचे नरेंद्रनगर के विधायक और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से कहा, ‘आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे।’ मंत्री की इस सीधी आपत्ति के बाद कार्यक्रम में असहज स्थिति बन गई और लाइव परफॉर्मेंस को रोकना पड़ा।
धार्मिक मर्यादा का हवाला देकर जताई आपत्ति
मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह आयोजन नवरात्र और मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में मर्यादा और गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाना जरूरी है। इसी आधार पर उन्होंने दलेर मेहंदी के मंच संचालन और प्रस्तुति के तरीके पर सवाल खड़े किए।
रिपोर्ट के अनुसार, कार्यक्रम में मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में प्रस्तुति दे रहे थे। हालांकि, मंच पर मंत्री की कड़ी आपत्ति और टोकने के बाद गायक दलेर मेहंदी ने वहां उपस्थित जनसमूह से माफी मांग ली। इसके बाद मंच पर हुए इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा क्षेत्र में बनी रही।









